हमारे बारे में

छत्तीसगढ़ प्रदेश का एक विश्वसनीय न्यूज पोर्टल है, जिसकी स्थापना देश एवं प्रदेश के प्रमुख विषयों और खबरों को सही तथ्यों के साथ आमजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।

Film awards : फिल्म पुरस्कार : फाल्के पुरस्कार से सम्मानित वहीदा रहमान


Film awards : नयी दिल्ली ! राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उत्कृष्ट अभिनय के लिए विभिन्न कलाकारों को आज राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों से सम्मानित किया, अपने समय की मशहूर अदाकारा वहीदा रहमान को प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार से नवाजा गया।

Film awards : श्रीमती मुर्मु ने मंगलवार को यहां विज्ञान भवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में 69 वें फिल्म पुरस्कार प्रदान किये। जानी मानी अदाकारा आलिया भट्ट और कृति सेनन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री तथा अल्लू अर्जुन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया। पल्लवी जोशी को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री और पंकज त्रिपाठीको सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार प्रदान किया गया।

वहीदा रहमान को सम्मानित करने पर राष्ट्रपति ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा , “ वहीदा रहमान जी को ‘दादा साहब फाल्के पुरस्कार’ से सम्मानित करके मुझे बहुत प्रसन्नता हुई है। उन्होंने अपनी कला और व्यक्तित्व से फिल्म जगत के शिखर पर अपना स्थान बनाया है। अपने निजी जीवन में भी उन्होंने गरिमा, आत्म-विश्वास और मौलिकता से युक्त महिला के रूप में अपनी पहचान बनाई है।”

Film awards : राष्ट्रपति ने कहा कि सिनेमा में महिला चरित्रों को सकारात्मक रूप में पेश करने से महिलाओं के सम्मान में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा , “ मुझे खुशी है कि महिला फिल्म निर्देशक सृष्टि लखेरा ने ‘एक था गांव’ नामक अपनी पुरस्कृत फिल्म में एक 80 साल की वृद्ध महिला की संघर्ष करने की क्षमता का चित्रण किया है। महिला चरित्रों के सहानुभूतिपूर्ण और कलात्मक चित्रण से समाज में महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान में वृद्धि होगी।”

श्रीमती मुर्मु ने सभी विजेताओं की सराहना की। उन्होंने कहा, “ अपनी फिल्मों के जरिए आप सब भारतीय समाज के विविधतापूर्ण यथार्थ से जीवंत परिचय कराते हैं। सिनेमा हमारे समाज का दस्तावेज़ भी है और उसे बेहतर बनाने का माध्यम भी है। आप सभी कलाकार भी हैं और परिवर्तन के वाहक भी हैं।”

लीक से हटकर फिल्म बनाने वाले फिल्मकारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “ मुझे इस वर्ष की पुरस्कृत फिल्मों के बारे में जो जानकारी दी गई है उससे मैं बहुत प्रभावित हुई हूं। इन फिल्मों में जलवायु परिवर्तन, बालिका तस्करी, नारी का उत्पीड़न, भ्रष्टाचार और सामाजिक शोषण जैसी समस्याओं का चित्रण किया गया है। मैं लीक से हटकर ऐसी फिल्में बनाने वाले सभी लोगों की विशेष सराहना करती हूं।”

राष्ट्रपति ने कहा कि सभी देशवासियों ने आजादी का अमृत महोत्सव मनाया है तथा स्वाधीनता संग्राम में बलिदान देने वाले पूर्वजों का सादर स्मरण किया है। जलियांवाला बाग का नरसंहार और उसके बाद की घटनाएं हमारी सामूहिक चेतना का अभिन्न अंग हैं। आज पुरस्कृत ‘सरदार उधम’ नामक फिल्म के द्वारा जलियांवाला बाग से जुड़ी स्वाधीनता संग्राम की एक महत्वपूर्ण धारा से दर्शकों का परिचय होता है।

उन्होंने कहा,“ राष्ट्रीय एकता के महत्व को रेखांकित करने के लिए इसे हमारे संविधान की प्रस्तावना तथा अन्य प्रावधानों में स्थान दिया गया है। सिनेमा द्वारा ऐसे राष्ट्रीय आदर्शों का प्रसार किया जाना चाहिए।”